कबूलनामा... वंशवाद कबूल है!
सुना आपने? अपने राहुल गांधी वंशवाद के समर्थन में हैं...। जी हां, हमें घोर आश्चर्य है! यदि वे वंशवाद का विरोध करते तो कतई हैरानी नहीं होती लेकिन उन्होंने इसका खुलकर सपोर्ट किया है। लगता है, अच्छे दिन आ गए हैं...। देश ही नहीं, विदेश में भी चर्चा हो रही है इस कबूलनामे पर...। हम तो उस स्क्रिप्ट लिखने वाले को नेट पर सर्च कर रहे हैं जिसने राहुल के मुंह से वंशवाद की तारीफ करवा दी। अरे भाई, अपने देश की राजनीति में कोई तो है कि जो है, वही बोल रहा है...। वैसे कुछ लोगों का कहना है कि राहुल का भाषण उनका अपना निजी था...। यदि ऐसा है तो पहली बार किसी ने वंशवाद पर अपना बचाव करने की जगह, वंशवाद का बचाव किया है। देश तो यह बात काफी पहले से समझ रहा है लेकिन अब राहुल ने भी खुद के टैलेंट को पहचान लिया। इस गूढ़ रहस्य को जान लिया है कि भारत वंशवाद से ही चलता है...।
आप यकीन ना करें लेकिन हमें तो अब राहुल पर भरोसा हो चला है कि वे वंशवाद की राजनीति को अब और तेज गति से बढ़ाएंगे बल्कि इसकी अगुआई करेंगे। उन्होंने इसकी शुरुआत भी कर दी है। अकेले खुद का बचाव नहीं किया, अखिलेश से लेकर अभिषेक तक को याद किया। अब तो हम तेजस्वी, तेजप्रताप से भी इस तरह के भाषण की उम्मीद पाल लिए हैं...। राहुल जी की साफगोई के आज हम तो मुरीद हो गए लेकिन अब भी शायद मोदी जी को उन पर भरोसा न हो। राहुल बाबा ने आज मोदी जी की तारीफ तक की लेकिन तब भी मोदी जी शायद ही कभी राहुल जी के वंशवाद के हुनर की तारीफ कर पाएं। जलते हैं मोदी जी राहुल जी से। जलें भी क्यों न? यदि राहुल जी की थ्योरी हिट हो गई तो सिर्फ एक प्रधानमंत्री का बेटा ही प्रधानमंत्री बन पाएगा... फिर चाय वाला लड़का तो चाय ही बेचता रह जाएगा। इसलिए मोदी जी कभी सहमत नहीं हो पाएंगे राहुल जी से और ना ही मोदी जी के प्रशंसक। ऐसे में राहुल बाबा को मेरा सुझाव है कि वे एक वीडियो बनाएं। वह भोजपुरी में हो तो हम भी सहयोग देने के लिए तैयार हैं और यदि रेडीमेड चाहिए तो यह ठीक रहेगा-
मोदीईईई बोलs तहरा हमरा पर भरोसा काहें नइखे??
मोदीईईई बोलs तहरा हमरा पर भरोसा काहें नइखे??

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
आपकी टिप्पणियों का स्वागत है लेकिन फूहड़ शब्द निषेध हैं।