अंदर का लालू, बाहर के लालू का तो बचाव करेगा ही...

2जी और आदर्श घोटाला से न्याय पर भरोसा जगा और चारा घोटाला में फैसला आते ही अचानक न्याय से डिगने भी लगा...। अब न्याय भी अपने हिसाब से जस्टिफाई हो रहा है...।

      चारा घोटाला में लालू को दोषी करार दिए जाने पर इतनी पीड़ा क्यों है? हाँ, अन्य आरोपियों का छूटना निश्चित ही आश्चर्यजनक है लेकिन इसके लिए सबूत एकत्र करने वाली पुलिस, जांच एजेंसियों पर सवाल उठाया जाना चाहिए न कि न्यायालय पर। न्यायालय सबूतों की रोशनी में ही फैसले करती है, न कि किसी के थोथे बयानों, धारणाओं के आधार पर। मगर क्या कहिए, लालू को दोषी करार क्या दिया गया, बिहार की पुरानी लालू चालीसा लिखने वाली पत्रकारिता और पत्रकार फिर से जिंदा हो गए हैं। इसमें कुछ नई पीढ़ी के भी शामिल हो गए हैं। आम समर्थकों, राजद कार्यकर्ताओं की तो कोई बात नहीं, वे अपने नेता के लिए दुखी हैं लेकिन आश्चर्य हो रहा है इन पत्रकारों को देखकर जो 'लालू जी' को सजा होने की कल्पनाभर (अभी सजा सुनाई जानी बाकी है।) से ही अपने आंसू नहीं रोक पा रहे। कुछ पत्रकार तो लालू प्रेम में इतने मगन हैं कि अंदर की प्रेम अगन की लपटें बाहर आनेे लगी हैं। लालू को निर्दोष, बेचारा और गरीबों का मसीहा, पिछड़ा, क्रांतिकारी नेता कहने के बहाने ढूंढने वाले इन पत्रकारों को अच्छा मौका हाथ लग गया है लालू को फिर से स्थापित करने का, उनका चेहरा बदलने का...।

     कोई नेता बनता है जनता के समर्थन से ही लेकिन निरंकुश और घोटालेबाज बनता है इसी तरह की मीडिया की शह से, इसी तरह के दलाल सोच वाले पत्रकारों की वजह से। लालू अरसे तक इन्हीं कथित पत्रकारों की वजह से घोटाले और सत्ता एक साथ जीते रहे और फिर आज निर्दोष भी दिखने लगे हैं। कितनी बड़ी साजिश थी, पत्रकारिता का वह कैसा स्तर था कि बिहार भूखा मरता रहा, लोग रोटी के लिए पलायन करते रहे और सत्ता पशुओं तक का चारा खाती रही मगर पत्रकारों की वजह से बेचारा ही नजर आती रही। आज फिर कुछ वैसा ही नजारा है। जो पत्रकार लालू जैसे भ्रष्टाचारी को आज निर्दोष, बेचारा बताने में लगे हैं, उनके अंदर भी 'लालू' के दर्शन कीजिए। पहचानिए इन्हें, आगे काम आएगा। यह अच्छा है कि इनके चेहरेे में छुपा असली चेहरा सामने आया, इनके अंदर का 'लालू' इसी बहाने सामने आया। इनके इस आचरण पर कोई आश्चर्य नहीं... यह अंदर का लालू, बाहर के लालू का बचाव तो चाहेगा ही...। 

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट