नेता से अच्छा बेटा


पढ़ने से पहले और कुछ सोचने से भी पहले, हम यह बता दें कि दिमाग में यदि राजनीतिक कुलबुलाहट होने लगे तो उसे दबा दें, एक बेटा बनकर ही पढ़ें, बेटा बनकर ही सोचें और बेटे के रूप में ही कुछ कहें भी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बयान हमने भी अखबारों में पढ़ा और चैनलों पर सुना! पत्रकार का दिमाग ठनका परिवारवाद की राजनीति पर। दिमाग में समीकरण बनने—बिगड़ने लगे। क्या यह संभव है, कैसे संभव है...? लेकिन, एक पल के लिए बेटे ने सोचा तो मन पुलकित हो उठा। अखिलेश, नेता चाहें जैसे भी हों, एक अच्छे बेटा तो हैं ही।
... मुलायम जैसा पिता हर बेटे को मिलता है जो उसे मुख्यमंत्री बना दे लेकिन अखिलेश जैसा बेटा आज के युग में किसी—किसी पिता को ही मिलता है, जो उसे प्रधानमंत्री बनाने की सोचता हो! हर पिता अपने सपने मारकर, बेटे के सपने पूरा करता है। इस दौरान वह बस यही सोचता रहता है कि आगे चलकर जब बेटा बड़ा हो जाएगा तो वह उसके सपने पूरे कर देगा। यह भी सोचता है कि उसके सपने का क्या? बेटा कुछ बन जाए, यही सबकुछ है। ...और बेटा एक दिन कुछ न कुछ बन भी जरूर जाता है लेकिन पिता? वह तो अब भी बेटे के लिए ही जीते जाते हैं और उनका बेटा, खुद और अपने बेटे के लिए जीने लग जाता है।
कभी हमें कोई ऐसा बेटा नहीं मिला, जिसे उसके पिता कहीं छोड़कर चले गए हों। पिता की डांट—मार से गुस्साकर घर छोड़ने वाले हो सकते हैं लेकिन पिता ने कभी किसी बेटे को घर से नहीं निकाला लेकिन आज ये जो इतने वृद्धाश्रम नजर आ रहे हैं और इनमें जो इतने वृद्ध नजर आ रहे हैं, वे किसी न किसी बेटे के पिता ही तो हैं? ... और ये वे पिता नहीं हैं, जो बेटे से गुस्साकर घर छोड़ आए। ये वे पिता हैं, जिन्हें बेटे ने रोटी के लिए तरसा दिया, मारा—पीटा, भगा दिया या फिर खुद ही वृद्धाश्रम में छोड़ गया। कभी नहीं सोचा कि एक दिन उसके पिता ने भी वही त्याग किया था, जो आज वह अपने बेटे के लिए कर रहा है। यह भी नहीं सोचा कि एक दिन उसका बेटा भी उसकी जगह खड़ा होगा और वह अपने पिता की जगह। फिर क्या होगा यदि, उसके बेटे ने उसी के जैसा आचरण किया? हर बेटा प्राय: पिता पर जाता है और लोग खुश होकर कहते हैं, देखो तो लल्ला बिल्कुल अपने पापा पर गया है। पापा भी यह सुनकर बहुत खुश होते हैं...। लेकिन, ऐसे पापा एक बार यह भी सोचें कि यदि उनका बेटा एक दिन उन पर ही गया, उन्हीं के जैसा हो गया तो उनका क्या होगा?
निश्चित ही अपने सपने पूरे करो, अपने बेटे के लिए जीओ, लेकिन अपने उस पिता को कभी न छोड़ो जो तुम्हारे लिए सबकुछ छोड़ते चले गए...।

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट